केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी बोले—देश में ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता
नई दिल्ली,
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच देश में एलपीजी आपूर्ति को लेकर उठ रही चिंताओं पर केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लॉकडाउन लगाए जाने की खबरों को पूरी तरह निराधार बताया है।
मंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि भारत में लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह झूठी हैं और सरकार ऐसे किसी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में ईंधन, ऊर्जा और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आवश्यक आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहे। साथ ही संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
पुरी ने भरोसा दिलाया कि भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के दौरान मजबूती दिखाई है और आगे भी समय पर समन्वित प्रयास जारी रखे जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शांत रहें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि ऐसी खबरें न सिर्फ गैर-जिम्मेदाराना हैं, बल्कि नुकसानदायक भी हो सकती हैं।
@MUSKAN KUMARI







