अल्पना मार्केट के पास वारदात, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पटना,
राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े करीब 20 लाख रुपए की लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने रेडिएंट कैश मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के कलेक्शन एजेंट को घेरकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
यह घटना अल्पना मार्केट के पास की है, जहां एजेंट पंकज बैंक में पैसे जमा कराने जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, पंकज सोमवार दोपहर साईं मंदिर इलाके से अपने क्लाइंट से करीब 20 लाख रुपए कलेक्ट कर बोरिंग रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में जमा करने जा रहे थे।
पंकज ने बताया कि अल्पना मार्केट के पास गली में पहुंचते ही दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। एक बाइक सवार ने आगे से रास्ता रोक लिया, जबकि दूसरे ने पीछे से पिस्टल तान दी। विरोध करने पर अपराधियों ने गोली मारने की धमकी दी और झड़प के दौरान नोटों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद सभी आरोपी बोरिंग रोड चौराहे की दिशा में फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की है और घटनास्थल से लेकर बोरिंग रोड चौराहे तक लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
@MUSKAN KUMARI






