शेयर बाजार में ‘ब्लैक थर्सडे’, सेंसेक्स 2496 अंक टूटा

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से मची हड़कंप, निवेशकों को दोहरा झटका 

भारतीय शेयर बाजार के लिए गुरुवार का दिन ‘ब्लैक थर्सडे’ साबित हुआ, जहां चौतरफा बिकवाली के चलते बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 2496 अंकों की गिरावट के साथ 74,207 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 भी 775 अंक टूटकर 23,002 के स्तर पर आ गया।

बाजार में इस गिरावट की बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल रहा, जो 114 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई। तेल की बढ़ती कीमतों से वैश्विक बाजारों में भी दबाव देखने को मिला, जिसका असर भारत समेत एशियाई बाजारों पर पड़ा।

विशेषज्ञों के मुताबिक, महंगे ईंधन से मुद्रास्फीति बढ़ने की आशंका के चलते विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने भारतीय बाजार से बड़े पैमाने पर निवेश निकालना शुरू कर दिया। इससे बाजार में बिकवाली का दबाव और बढ़ गया।

इस गिरावट का असर सिर्फ इक्विटी मार्केट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कमोडिटी बाजार भी इसकी चपेट में आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर चांदी की कीमतों में 5 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोना भी दबाव में रहा।

कारोबारी सत्र के दौरान बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली। बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर 4 से 5.5 प्रतिशत तक टूटे। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी, इन्फोसिस और टाटा स्टील के शेयर भी भारी गिरावट के साथ बंद हुए।

बाजार जानकारों का मानना है कि इस बड़ी गिरावट ने तकनीकी स्तर पर बाजार की स्थिति को कमजोर कर दिया है। पिछले बंद 76,704 के मुकाबले सेंसेक्स का करीब 2,000 अंक नीचे खुलना ही मंदी के संकेत दे रहा था। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता नहीं आती और वैश्विक हालात सुधरते नहीं हैं, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल