पटना में LPG संकट पर कांग्रेस का हंगामा, पीएम का पुतला फूंका

इनकम टैक्स गोलंबर पर हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, महंगाई के खिलाफ नारेबाजी

पटना में एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के इनकम टैक्स गोलंबर के पास हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘सिलेंडर का दाम कम करो’ और ‘आम आदमी पर अत्याचार बंद करो’ जैसे नारे लगाए। इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और विरोध जताते हुए पुतले पर लाठी-चप्पल भी बरसाए।

इस आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने ‘LPG संकट पर जवाब दो’ और ‘56 इंच का सीना कहां है’ जैसे नारे लगाकर सरकार को घेरा। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता निधि झा ने कहा कि जब गैस सिलेंडर 400 रुपये का था, तब भाजपा नेता स्मृति ईरानी इसके खिलाफ प्रदर्शन करती थीं, लेकिन अब महंगाई के बावजूद चुप हैं।

वहीं, कांग्रेस नेता राजेश राम ने आरोप लगाया कि गैस की भारी किल्लत है और होटल-हॉस्टलों में भी बुकिंग प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि लोग घंटों लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर नहीं पा रहे हैं। इस मौके पर विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता मदन मोहन झा ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में गैस संकट जैसे हालात बन गए हैं और कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में लोग गैस संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन को स्थिति नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

एलपीजी संकट को लेकर सियासत तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल