कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए एसपी ने जारी किया आदेश, तत्काल ज्वाइनिंग के निर्देश
सीवान जिले में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने रिक्त पदों को भरने और विभागीय कार्यवाही के चलते खाली हुए स्थानों पर नए पदाधिकारियों की तैनाती का आदेश जारी किया है। सभी संबंधित अधिकारियों को बिना विलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, पुलिस निरीक्षक राजू कुमार को पुलिस केंद्र से स्थानांतरित कर बसंतपुर थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। यह पद लंबे समय से रिक्त था। वहीं, पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिंह को त्वरित विचारण कोषांग से हटाकर जीबी नगर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां वर्तमान थानाध्यक्ष अवकाश पर हैं।
सराय थाना की कमान अब पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार बिट्टू को दी गई है, जो पहले इसी थाने में अपर थानाध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। वरीय पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद यह पद खाली हुआ था। दूसरी ओर, महाराजगंज में अपर थानाध्यक्ष रहे जीतमोहन कुमार को नौतन थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। नौतन के पूर्व थानाध्यक्ष के निलंबन के बाद यह पद रिक्त हो गया था।
जामो बाजार थाना की जिम्मेदारी अब धीरज कुमार को सौंपी गई है, जो इससे पहले नौतन में अपर थानाध्यक्ष थे। वहीं, जामो बाजार के पूर्व थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला को दारौंदा में अपर थानाध्यक्ष के पद पर भेजा गया है।
इस फेरबदल की खास बात यह है कि कई थानों में नियुक्तियां विभागीय कार्रवाई और निलंबन के बाद की गई हैं। एसपी ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक पारदर्शिता और कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। साथ ही, जिले के अन्य थानों पर भी पुलिस मुख्यालय की पैनी नजर बनी हुई है, ताकि अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की ढिलाई न हो।
@MUSKAN KUMARI






