असम विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को 88 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में सबसे चर्चित नाम प्रद्युत बोरदोलोई का है, जिन्हें दिसपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
बोरदोलोई हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। वे नागांव लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद थे और मंगलवार को ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। अगले ही दिन भाजपा में शामिल होते ही उन्हें टिकट मिल गया, जिससे सियासी हलचल और तेज हो गई है।
वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा एक बार फिर अपनी पारंपरिक जालुकबारी सीट से चुनाव लड़ेंगे। सरमा इस सीट से लगातार पांच बार जीत दर्ज कर चुके हैं।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
भाजपा की सूची में छह महिला उम्मीदवारों को भी जगह दी गई है। इसके अलावा भूपेन कुमार बोरा, रंजीत कुमार दास, अशोक सिंघल, अजंता निओग, रानोज पेगु, संजय किशन और पीयूष हजारिका जैसे नेताओं को भी टिकट दिया गया है।
126 सीटों वाली असम विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना की जाएगी।
दूसरी ओर, कांग्रेस भी 65 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई को जोरहाट सीट से मैदान में उतारा गया है, जबकि देबब्रत सैकिया और रिपुन बोरा को भी टिकट दिया गया है।
@MUSKAN KUMARI







