गैस सिलेंडर फटने से बढ़ी तबाही, तीन मंजिला मकान ढहा; किशनगंज में शोक की लहर
इंदौर/किशनगंज:
मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में एक तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग में कुल 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें बिहार के किशनगंज जिले के 6 लोग शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे घर के बाहर चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर रखे गैस सिलेंडरों में धमाके होने से आग और भड़क गई, जिससे मकान का एक हिस्सा ढह गया और अंदर सो रहे लोगों को बचने का मौका नहीं मिल सका।
इनकी हुई मौत
हादसे में धर्मशाला रोड निवासी विजय सेठिया (65), मनोज सेठिया (65), सुमन सेठिया (60), सिमरन सेठिया (30), छोटू सेठिया (22) और राशि सेठिया (12) समेत कुल 8 लोगों की मौत हुई। बताया जा रहा है कि विजय सेठिया अस्वस्थ थे और इलाज के सिलसिले में अपने परिजनों के यहां इंदौर आए हुए थे।
तीन लोग गंभीर रूप से झुलसे
इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
किशनगंज में शोक की लहर
घटना की खबर जैसे ही किशनगंज पहुंची, पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजन तुरंत इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं।
सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कैलाश विजयवर्गीय ने उठाए सुरक्षा के सवाल
राज्य के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इसे बेहद दुखद और चिंताजनक घटना बताते हुए कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए सुरक्षा मानकों की सख्त जरूरत है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से विशेषज्ञों की कमेटी गठित करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मानक प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के निर्देश देने की बात कही।
@MUSKAN KUMARI







