पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत की खबर है। होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर आने वाला भारतीय एलपीजी जहाज ‘नंदा देवी’ सुरक्षित रूप से गुजरात के तट पर पहुंच गया है। यह जहाज कतर से लगभग 46 हजार टन एलपीजी लेकर आया है, जो देश की ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम माना जा रहा है।
बताया गया है कि जहाज ने संघर्ष प्रभावित होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार किया और गुजरात के वाडिनार बंदरगाह के पास पहुंचकर एलपीजी की आपूर्ति के लिए तैयार है। इससे घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर बनी चिंता कुछ हद तक कम हुई है।
इसी बीच भारतीय ध्वज वाला क्रूड ऑयल टैंकर ‘जग लाडकी’ भी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से सुरक्षित भारत की ओर रवाना हो चुका है। यह जहाज लगभग 80 हजार टन मुरबन कच्चा तेल लेकर भारत आ रहा है और जल्द ही गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है।
सरकारी अधिकारियों के मुताबिक पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद भारत के जहाजों की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अभी भी कई भारतीय जहाज फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं, जिनसे लगातार संपर्क बनाए रखा गया है और सभी भारतीय नाविक सुरक्षित बताए गए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि इन जहाजों के सुरक्षित पहुंचने से भारत की ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर बनाए रखने में मदद मिलेगी, क्योंकि देश के एलपीजी आयात का बड़ा हिस्सा पश्चिम एशिया से आता है।
@MUSKAN KUMARI







