सरकार ने घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए आधार आधारित e-KYC को अनिवार्य कर दिया है। नए नियम के तहत अब गैस कनेक्शन धारकों को अपनी पहचान आधार के जरिए सत्यापित करनी होगी। अगर उपभोक्ता समय पर e-KYC पूरा नहीं करते हैं तो गैस सिलिंडर की बुकिंग और सब्सिडी दोनों प्रभावित हो सकती हैं।
सरकार का कहना है कि देश में बढ़ती एलपीजी मांग और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। नई व्यवस्था के तहत बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए उपभोक्ताओं की पहचान सत्यापित की जाएगी।
क्यों लिया गया यह फैसला?
सरकार के अनुसार e-KYC लागू करने के पीछे कई अहम कारण हैं। इससे फर्जी और डुप्लीकेट गैस कनेक्शन खत्म करने, ब्लैक मार्केटिंग और स्टॉकिंग पर रोक लगाने तथा सही लाभार्थियों तक सब्सिडी पहुंचाने में मदद मिलेगी। कई मामलों में सामने आया था कि कुछ लोग एक से अधिक गैस कनेक्शन लेकर सब्सिडी का गलत फायदा उठा रहे थे।
क्या है LPG e-KYC?
एलपीजी e-KYC एक डिजिटल प्रक्रिया है, जिसमें गैस कनेक्शन धारक अपनी पहचान को आधार के माध्यम से सत्यापित करता है। इसमें आधार नंबर के साथ बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन किया जाता है, जिससे गैस कंपनियों का डेटा अपडेट हो जाता है और सब्सिडी सही व्यक्ति तक पहुंचती है।
घर बैठे ऐसे करें e-KYC
स्टेप 1:
अपनी गैस कंपनी का मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और मोबाइल नंबर या कंज्यूमर नंबर से लॉगिन करें। इसके बाद ऐप में दिए गए ‘ई-केवाईसी’ या ‘आधार ऑथेंटिकेशन’ विकल्प पर क्लिक करें।
स्टेप 2:
अब ‘Aadhaar FaceRD’ ऐप डाउनलोड करें और निर्देशों के अनुसार फेस स्कैन या बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरा करें। प्रक्रिया पूरी होते ही आपका e-KYC सफलतापूर्वक अपडेट हो जाएगा।
सरकार के मुताबिक यह प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त है और कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है।
e-KYC के लिए जरूरी दस्तावेज
आधार कार्ड
एलपीजी कंज्यूमर नंबर
गैस एजेंसी का नाम
मोबाइल नंबर
बैंक अकाउंट डिटेल (सब्सिडी के लिए)
e-KYC नहीं कराने पर क्या होगा?
अगर किसी उपभोक्ता ने समय पर e-KYC पूरा नहीं किया, तो गैस सिलिंडर बुकिंग में दिक्कत आ सकती है। इसके अलावा सब्सिडी मिलने में देरी हो सकती है और कुछ मामलों में सब्सिडी अस्थायी रूप से रोकी भी जा सकती है।
सरकार का मानना है कि यह कदम एलपीजी वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इसलिए सभी उपभोक्ताओं को समय रहते Aadhaar e-KYC पूरा करने की सलाह दी गई है।
@MUSKAN KUMARI







