पटना में शिक्षा के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। शहर के दो निजी स्कूलों पर Central Board of Secondary Education (CBSE) की मान्यता का गलत इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप लगा है। जांच में खुलासा हुआ कि ये स्कूल बिना आधिकारिक संबद्धता के ही सीबीएसई बोर्ड का नाम और लोगो इस्तेमाल कर रहे थे।
सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय की शिकायत के आधार पर Gardani Bagh थाना में दोनों स्कूलों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार, सेंट पॉल्स इंटरनेशनल स्कूल, साधनापुरी और सेंट पॉल्स इंटरनेशनल हाई स्कूल, पुलिस कॉलोनी पर आरोप है कि वे खुद को सीबीएसई से संबद्ध बताकर अभिभावकों और छात्रों को गुमराह कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद सीबीएसई ने एक जांच समिति गठित कर दोनों स्कूलों का औचक निरीक्षण कराया।
जांच के दौरान पाया गया कि स्कूल परिसर और आसपास लगे कई होर्डिंग और विज्ञापनों में “CBSE, Delhi” लिखा हुआ था, जिससे यह संदेश जा रहा था कि ये स्कूल बोर्ड से संबद्ध हैं। हालांकि सीबीएसई के रिकॉर्ड में इन दोनों विद्यालयों को किसी भी प्रकार की संबद्धता नहीं दी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि इन स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक पढ़ने वाले छात्रों का पंजीकरण सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के लिए किसी अन्य संबद्ध विद्यालय के माध्यम से कराया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधन ने समिति को जरूरी दस्तावेज और रिकॉर्ड उपलब्ध कराने से भी इनकार कर दिया तथा जांच में सहयोग नहीं किया।
सूत्रों के मुताबिक बिहार के अन्य जिलों में भी इसी तरह के मामले सामने आ सकते हैं। आरोप है कि कई स्कूल बिना आधिकारिक मान्यता के ही सीबीएसई के नाम का इस्तेमाल कर स्कूल चला रहे हैं।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों का नामांकन कराने से पहले स्कूल की संबद्धता की जांच अवश्य कर लें। इसके लिए सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित स्कूल की मान्यता की जानकारी देखी जा सकती है।
@MUSKAN KUMARI






