वैशाली पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में Hajipur–जंदाहा मुख्य मार्ग पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की भारी खेप बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, वैशाली के एसपी विक्रम सिहाग को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब माफिया इलाके में विदेशी शराब की बड़ी खेप खपाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर हाजीपुर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने Central Institute of Petrochemicals Engineering and Technology (CIPET) के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध ट्रक को रोककर अपने कब्जे में ले लिया।
तलाशी के दौरान ट्रक में ऊपर से लकड़ी की भूसी से भरे बोरे रखे हुए मिले, जिससे पहली नजर में कुछ भी संदिग्ध नहीं लगा। हालांकि पुलिस को शक होने पर जब बोरों को हटाया गया, तो ट्रक के भीतर एक गुप्त तहखाना बनाया गया पाया गया। इस तहखाने में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की पेटियाँ छिपाकर रखी गई थीं।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर औद्योगिक थाना परिसर में लाकर शराब की खेप को उतारा। गिनती के बाद अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब की बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। तस्करों की योजना इस खेप को औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने की थी।
हालांकि पुलिस कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस ट्रक को जब्त कर पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही ट्रक मालिक समेत गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया जाएगा।
@MUSKAN KUMARI






