Vijay Kumar Sinha की चेतावनी के बीच अंचल-राजस्व अधिकारियों की हड़ताल पर सरकार सख्त, कार्रवाई की तैयारी

पटना। बिहार में अंचलाधिकारी और राजस्व अधिकारियों की हड़ताल को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। जमीन से जुड़े कामकाज और प्रमाणपत्र सेवाएं प्रभावित होने से आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। ऐसे में सरकार ने हड़ताल पर डटे अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

बुधवार को तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में अधिकारी हड़ताल पर डटे रहे, जिसके कारण राज्य के आधे से अधिक अंचल कार्यालयों में कामकाज लगभग ठप रहा। हालात को देखते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जिलों से अधिकारियों की उपस्थिति का विस्तृत ब्यौरा तलब किया है।

विभाग ने भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय, भू-अर्जन निदेशालय और चकबंदी निदेशालय के निदेशकों के साथ-साथ सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर रिपोर्ट मांगी है। सरकार ने पूछा है कि 9 मार्च से शुरू हुई हड़ताल के दौरान कितने अधिकारी ड्यूटी पर मौजूद रहे और कितने हड़ताल में शामिल हैं। साथ ही यह भी जानकारी मांगी गई है कि 2 फरवरी से अब तक किन-किन अंचलों में कामकाज प्रभावित रहा है।

सरकार का कहना है कि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर हड़ताल में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है।

इस बीच प्रशासनिक सख्ती का संकेत उस समय भी मिला जब बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री Vijay Kumar Sinha ने बिहार राजस्व सेवा के पांच अधिकारियों के त्यागपत्र स्वीकार कर लिए। जिलाधिकारियों की अनुशंसा के आधार पर इन इस्तीफों को संबंधित तिथियों से प्रभावी मानते हुए मंजूरी दे दी गई है।

त्यागपत्र देने वालों में वैशाली जिले के गोरौल के तत्कालीन अंचलाधिकारी अंशु कुमार, रोहतास के बिक्रमगंज के राजस्व अधिकारी राजन कुमार, सारण के परसा की राजस्व अधिकारी शिवांगी पांडेय, रोहतास के राजपुर की अंचलाधिकारी अंकिता वर्मा और हाजीपुर सदर की राजस्व अधिकारी स्मृति कुमारी शामिल हैं।

इससे पहले विभाग के 100 दिन पूरे होने पर आयोजित प्रेस वार्ता में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हड़ताल पर गए अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के गैरहाजिर दिनों की गणना की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि अगर कोई अधिकारी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाता है तो उसकी सेवा समाप्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल