जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। गंगा स्नान के लिए जा रहा एक परिवार उस वक्त हादसे का शिकार हो गया, जब तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में करीब 10 लोग घायल हो गए, जिनमें कई महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक सराय थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी बिरजू पासवान के बड़े बेटे की शादी 13 मार्च को होने वाली है। शादी से पहले परंपरा के तहत परिवार की महिलाएं गंगा स्नान के लिए निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेंपो में आठ से दस लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया।
घायलों में गिरिजा देवी, सोना देवी, चिंता देवी, सुलेखा देवी, चिनिया देवी, मुनचुन देवी और सत्यम कुमार समेत कई लोग शामिल हैं। सभी धर्मपुर गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में गिरिजा देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।
वहीं अस्पताल में इलाज को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं था और घायलों को मजबूरी में अस्पताल की बाउंड्री दीवार पर लिटाना पड़ा। परिजनों के मुताबिक करीब डेढ़ घंटे तक कोई डॉक्टर भी देखने नहीं आया, जिससे कई घायल दर्द से कराहते रहे।
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर परिवार शादी की खुशियों की तैयारी में जुटा था, वहीं अब वही परिवार अस्पताल में अपनों के स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है।
@MUSKAN KUMARI






