पटना: त्योहारों के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिहार पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम लागू कर दिए हैं। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के तहत अब तक करीब 13,000 लोगों से बंध पत्र (बॉन्ड पेपर) भरवाया जा चुका है। वहीं 30,000 संदिग्ध उपद्रवियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
30 हजार अतिरिक्त जवान तैनात
संवेदनशील जिलों और दंगों की आशंका वाले इलाकों में 30,000 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। स्थानीय पुलिस के साथ विशेष शाखा और त्वरित कार्य बल की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील मार्गों पर सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है।
जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मुखिया और वार्ड सदस्यों से सक्रिय सहयोग मांगा है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या तनाव की स्थिति दिखने पर तुरंत स्थानीय थाने को सूचना देने की अपील की गई है। सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए समय रहते हालात नियंत्रित करने की रणनीति अपनाई जा रही है।
डीजीपी का कड़ा संदेश
विनय कुमार ने आम नागरिकों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी घटना या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया है।
सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर
अफवाहों और भड़काऊ संदेशों को रोकने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय कर दिया गया है। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट या गलत सूचना फैलाने वालों के खिलाफ साइबर सेल तत्काल कानूनी कार्रवाई करेगी।
@MUSKAN KUMARI






