नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। खुफिया इनपुट के मुताबिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा राजधानी में बड़े हमले की साजिश रच रहा है। संभावित निशानों में लाल किला के आसपास का इलाका और चांदनी चौक स्थित एक प्रमुख मंदिर शामिल बताया जा रहा है।
खुफिया सूत्रों ने एएनआई को बताया कि आतंकी संगठन आईईडी के जरिए हमला करने की योजना बना रहा है। जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी को इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद बदले की मंशा से भारत में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की जा सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, देश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों और मंदिरों को भी निशाना बनाया जा सकता है। सुरक्षा एजेंसियां संभावित खतरे को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा रही हैं।
पहले भी हो चुका है बड़ा धमाका
गौरतलब है कि पिछले साल 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट हुआ था, जिसमें 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। धमाका स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास विस्फोटकों से भरी कार में हुआ था।
सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और राजधानी समेत देश के अन्य संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है
@MUSKAN KUMARI







