सुल्तानपुर कोर्ट में राहुल गांधी का बयान दर्ज, अमित शाह पर टिप्पणी मामले में अगली सुनवाई 9 मार्च को

राहुल गांधी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में शुक्रवार को सुल्तानपुर स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को बेगुनाह बताया। अदालत ने मामले में सफाई साक्ष्य पेश करने के लिए अगली सुनवाई 9 मार्च तय की है।

करीब आधे घंटे तक कोर्ट कक्ष का दरवाजा बंद कर मानहानि मामले में धारा 313 के तहत बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चली। इस दौरान अदालत परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षाकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी।

यह मामला कर्नाटक में एक प्रेसवार्ता के दौरान की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी से जुड़ा है। इसे लेकर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष व भारतीय जनता पार्टी नेता विजय मिश्र ने राहुल गांधी के खिलाफ दीवानी मानहानि परिवाद दायर किया था, जिसकी सुनवाई जारी है।

बताया जाता है कि राहुल गांधी 26 जुलाई 2024 को पहले भी अदालत में पेश हुए थे, लेकिन इसके बाद कई सुनवाई तिथियों पर अनुपस्थित रहे। 19 जनवरी को पेश न होने पर अदालत ने उन्हें 20 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया था। अब अगली सुनवाई 9 मार्च को होगी, जब बचाव पक्ष अपनी ओर से सफाई साक्ष्य प्रस्तुत करेगा।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल