पक्ष-विपक्ष के कई बड़े नाम शामिल, तय समय में लिखित जवाब देने का निर्देश
पटना हाईकोर्ट ने बिहार के 42 विधायकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। इन विधायकों पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव नामांकन के दौरान दाखिल किए गए शपथपत्र में महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया और कुछ मामलों में मतदान प्रक्रिया में अनियमितता भी हुई।
यह मामला उन याचिकाओं के बाद सामने आया, जो कुछ माह पहले चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों ने दायर की थीं। सुनवाई के बाद अदालत ने सभी संबंधित विधायकों को निर्धारित समय के भीतर लिखित जवाब देने का निर्देश दिया है।
इस सूची में कई प्रमुख नेताओं के नाम भी शामिल हैं, जिनमें विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, मंत्री विजेंद्र यादव, पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा, जदयू विधायक चेतन आनंद और राजद विधायक अमरेंद्र प्रसाद समेत कुल 42 विधायक शामिल हैं।
अदालत ने टिप्पणी की कि नामांकन के दौरान दाखिल किया गया शपथपत्र लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। मतदाताओं को प्रत्याशियों की पृष्ठभूमि, संपत्ति और अन्य विवरणों की सही जानकारी मिलना अनिवार्य है। यदि इसमें गलत या अधूरी जानकारी दी गई है तो यह गंभीर मामला माना जाएगा।
फिलहाल सभी विधायकों को तय समय सीमा के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करना होगा। आगे की सुनवाई में अदालत इस मामले में अगली कार्रवाई तय करेगी।
@MUSKAN KUMARI







