मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार दोपहर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मुलुंड पश्चिम में अचानक भरभराकर गिरे पिलर के सीमेंट स्लैब की चपेट में नीचे से गुजर रहा एक ऑटो रिक्शा आ गया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, Johnson & Johnson कंपनी के पास एलबीएस रोड पर यह हादसा दोपहर करीब 12:20 बजे हुआ। निर्माण के दौरान मेट्रो पिलर का सीमेंट का हिस्सा टूटकर सीधे ऑटो रिक्शा पर गिरा, जिससे वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
राहत और बचाव कार्य जारी
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, वार्ड कर्मी और 108 एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। ऑटो रिक्शा में सवार 3 से 4 लोगों के घायल होने की आशंका है।
ट्रैफिक डायवर्ट, मलबा हटाने का काम जारी
हादसे के बाद पुलिस ने इलाके को घेरकर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। साथ ही गिरे पिलर के मलबे को हटाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, घटना की जांच शुरू कर दी गई है।






