बांग्लादेश में बीएनपी की प्रचंड जीत, भारत-बांग्लादेश रिश्तों में नए दौर की शुरुआत

नई दिल्ली/ढाका,

पड़ोसी देश बांग्लादेश में हुए आम चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 300 सदस्यीय संसद में 200 से अधिक सीटें हासिल कर ली हैं। पार्टी प्रमुख तारिक रहमान अब देश के अगले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। यह चुनाव शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद पहली बार कराया गया था।

चुनाव में कट्टरपंथी दल जमात-ए-इस्लामी बांग्लादेश को करारी हार का सामना करना पड़ा, जबकि प्रतिबंधित आवामी लीग चुनावी प्रक्रिया से बाहर रही। परिणामों को बांग्लादेश की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

भारत की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी की जीत पर बधाई देते हुए द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई है। नई दिल्ली का मानना है कि नई सरकार के साथ सुरक्षा, व्यापार और सीमा सहयोग जैसे मुद्दों पर नई दिशा तय होगी।

विशेषज्ञों का कहना है कि पूर्वोत्तर भारत में सक्रिय संगठनों जैसे उल्फा और एनडीएफबी के खिलाफ सहयोग की निरंतरता भारत के लिए अहम रहेगी। साथ ही चीन और पाकिस्तान के साथ नई सरकार के रिश्तों पर भी नजर बनी रहेगी।

बीएनपी की स्थापना पूर्व राष्ट्रपति जिया-उर-रहमान ने की थी और बाद में खालिदा जिया के नेतृत्व में पार्टी ने कई बार सत्ता संभाली। अब तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश नई राजनीतिक दिशा की ओर बढ़ रहा है।विश्लेषकों के अनुसार, स्थिर सरकार बनने से भारत-बांग्लादेश संबंधों में भरोसा बढ़ेगा और ऊर्जा, व्यापार, बुनियादी ढांचे तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खुल सकते हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल