बेऊर जेल में बंद निर्दलीय सांसद को लेकर बढ़ा विवाद, स्वास्थ्य और सुनवाई में देरी पर उठे सवाल
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई लगातार टल रही है। इसकी वजह सिविल कोर्ट को बार-बार मिल रही बम से उड़ाने की धमकियां बताई जा रही हैं। पिछले 24 घंटों में ही दो बार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हुई है।
इस बीच सांसद के अधिवक्ता शिव नंदन भारती ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पप्पू यादव को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है और सुनियोजित तरीके से बम की अफवाह फैलाकर कोर्ट की कार्यवाही में बाधा डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि सांसद का स्वास्थ्य भी ठीक नहीं है और लगातार रुकावटों के कारण मामले की सुनवाई प्रभावित हो रही है।
अधिवक्ता ने मांग की कि न्यायालय की कार्यवाही बिना व्यवधान के नियमित रूप से हो, ताकि मामले का जल्द निपटारा हो सके और सांसद को राहत मिल सके।
उधर, पप्पू यादव के समर्थन में सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। एक पोस्ट में सवाल उठाया गया कि यह इत्तेफाक है या साजिश कि गिरफ्तारी और सुनवाई के बीच कुछ ही दिनों में कई बार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पोस्ट में पटना पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
लगातार मिल रही धमकियों और सुनवाई में हो रही देरी के बीच यह मामला अब प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है।
@MUSKAN KUMARI






