बजट सत्र के 12वें दिन राजनीतिक टकराव तेज, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी का भी किया दावा
संसद के बजट सत्र के 12वें दिन सियासी तनाव और बढ़ गया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में हुए कथित हंगामे को लेकर एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। इस वीडियो के साथ उन्होंने विपक्ष, खासकर कांग्रेस सांसदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
रिजिजू ने दावा किया कि यह वीडियो कांग्रेस सांसद द्वारा बनाया गया “अवैध वीडियो क्लिप” है, जिसमें 20–25 कांग्रेस सांसद स्पीकर के कक्ष में घुसकर अपशब्द कह रहे हैं और प्रधानमंत्री को धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बहस और चर्चा में विश्वास रखती है और सांसदों को शारीरिक धमकी देने के लिए कभी प्रोत्साहित नहीं करती।
सोशल मीडिया पर साझा वीडियो में कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में तेज आवाज में विरोध जताते दिखाई दे रहे हैं। रिजिजू ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में विपक्षी सांसदों ने स्पीकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सत्ता पक्ष अपने सांसदों को संयम बरतने की सलाह न देता तो संसद में “महाभारत” जैसी स्थिति बन सकती थी।
इधर, लोकसभा में कई दिनों तक चले गतिरोध के बाद मंगलवार को आम बजट पर चर्चा हुई, जिसमें विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई सांसदों ने भाग लिया। चर्चा के समापन पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जवाब दिया और सदन में विधायी कामकाज भी आगे बढ़ा।
हालांकि, स्पीकर कक्ष में हुए कथित हंगामे को लेकर सियासी बयानबाजी जारी है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद में और गरमा सकता है।
@MUSKAN KUMARI






