नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में खुले गड्ढों और नालों की लापरवाही लगातार जानलेवा साबित हो रही है। जनकपुरी में युवक की मौत के कुछ ही दिनों बाद रोहिणी में खुले नाले में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई।
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-32 स्थित काली मंदिर के पास खुले नाले में गिरने से 27 वर्षीय मजदूर बिरजू की जान चली गई। मंगलवार दोपहर 2:36 बजे बेगमपुर थाने को पीसीआर कॉल मिली, जिसमें नाले में गिरने के बाद युवक के लापता होने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस, डीडीए और दमकल विभाग की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बाद में शव बरामद किया। शव को आंबेडकर अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक बिरजू बिहार का रहने वाला था और अपने दोस्त के साथ झुग्गी लौटते समय संतुलन खोकर खुले नाले में गिर गया। बताया गया है कि दोनों नशे में थे, जिसके कारण घटना की सूचना देर से दी गई। संबंधित सीवर डीडीए का बताया जा रहा है और उसका ढक्कन खुला था। पुलिस ने लापरवाही के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस हादसे ने 6 फरवरी को जनकपुरी में हुए उस मामले की याद ताजा कर दी, जिसमें दिल्ली जल बोर्ड के खुले गड्ढे में गिरने से कमल नाम के युवक की मौत हो गई थी। उस मामले में कॉन्ट्रैक्टर को अग्रिम जमानत मिल चुकी है और जांच जारी है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी में खुले सीवर और गड्ढों को लेकर प्रशासन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
@MUSKAN KUMARI







