बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाजपा सरकार रुकने वाली नहीं है और यह सरकार जितना बोलती है, उतना ही करके दिखाती है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो लोग कयामत के दिन आने के सपने देख रहे हैं, वह दिन आने वाला नहीं है और बाबरी मस्जिद अब कभी नहीं बनेगी। सरकार अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को लगातार मजबूत करती रहेगी।
मंगलवार को दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के दुल्हदेपुर स्थित बाबा हरिशंकर दास की कुटी पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 साल बाद अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का गौरवपूर्ण क्षण आया है। उन्होंने सवाल किया कि इतने वर्षों में कितनी सरकारें आईं और गईं, कितने राजा-महाराजा हुए, लेकिन अयोध्या में राम मंदिर क्यों नहीं बन पाया। उन्होंने कहा कि राम सबके हैं और उनकी आस्था पूरे देश को जोड़ती है।
सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग अवसरवादी रवैया अपनाकर संकट में राम को याद करते हैं और बाकी समय उन्हें विस्मृत कर देते हैं। ऐसे लोगों को भगवान राम भी भूल चुके हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कयामत के लिए मत जियो, हिंदुस्तान में कायदे से रहना सीखो। कानून मानोगे तो फायदे में रहोगे, कानून तोड़ने वालों का रास्ता सीधा जहन्नुम की ओर जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर भारतवासी का एक ही लक्ष्य होना चाहिए—एक भारत, श्रेष्ठ भारत। देश वैभवशाली और विकसित बने, यही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि हर संत देश के लिए है और धर्म भी देश के लिए है। धर्म और देश आत्मा और शरीर की तरह हैं, जबकि भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक हैं।
इससे पहले दोपहर करीब सवा दो बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर कुटी परिसर के पास उतरा। महंत बलरामदास ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कथा मंडप का उद्घाटन किया और रामार्चा यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं, जिसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया।
@MUSKAN KUMARI







