प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी सोमवार को राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शांति, अहिंसा और सत्य का गांधीजी का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और पूरी दुनिया को मार्गदर्शन देता है।
इससे पहले राष्ट्रपति हर्मिनी ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। बातचीत के दौरान समुद्री पड़ोसी देशों के रूप में क्षेत्रीय आर्थिक समृद्धि और सुरक्षा के लिए ‘विजन महासागर’ को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। रविवार को राष्ट्रपति हर्मिनी ने मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की, जहां बंदरगाह आधारित विकास, तटीय प्रबंधन और महाराष्ट्र-सेशेल्स सहयोग के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी पांच दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं। यह उनकी पदभार ग्रहण करने के बाद पहली भारत यात्रा है और दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है। इस दौरान वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे।
@MUSKAN KUMARI







