पंजाब के तरनतारन जिले में सोमवार को एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई, जब एक लॉ कॉलेज के क्लासरूम में पढ़ाई के दौरान एक छात्र ने छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। इस दर्दनाक वारदात में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान 20 वर्षीय संदीप कौर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवक प्रिंस राजसिंह, नौशहरा पनुआ का रहने वाला था और बताया जा रहा है कि वह भी उसी कॉलेज का छात्र था। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। क्लासरूम में मौजूद छात्राएं जान बचाकर बाहर की ओर दौड़ पड़ीं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कॉलेज को सील कर दिया गया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन भी कॉलेज पहुंचे।
इस वारदात ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर एक छात्र पिस्टल लेकर कॉलेज परिसर तक कैसे पहुंच गया, इसको लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
@MUSKAN KUMARI







