पटना। बिहार विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद संजय झा ने कहा कि यह एक बड़ा और ऐतिहासिक आयोजन है, जिसमें नए विधायक भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी इस समारोह में पहुंचे हैं।
तेजस्वी यादव द्वारा 40 हजार करोड़ रुपये के कथित हिसाब को लेकर दिए गए बयान पर संजय झा ने कहा कि तेजस्वी यादव को अकाउंटिंग की समझ नहीं है। सरकार अपने नियमानुसार रिपोर्ट और लेखा-जोखा पेश करती रहती है, जबकि तेजस्वी यादव कुछ भी बोलते रहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि तेजस्वी यादव ने कभी अपने ऊपर लगे आरोपों का हिसाब दिया है क्या? कोर्ट द्वारा ‘लैंड फॉर जॉब’ मामले में दिए गए ऑब्जर्वेशन पर उन्हें जवाब देना चाहिए।
राबड़ी देवी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय झा ने कहा कि आरोप लगाने से पहले उन्हें सबूत पेश करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बिहार में 20 साल का ट्रैक रिकॉर्ड है, जो एक युग से भी अधिक समय का है। नीतीश कुमार को जिस हालात में बिहार मिला था, उस पर सवाल उठाना उचित नहीं है। कानून-व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार ने कभी अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण नहीं दिया और कोई एक भी ऐसा मामला नहीं बताया जा सकता जहां गुनहगारों को सजा न मिली हो।
किसानों के हितों से जुड़ी ट्रेड डील पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए संजय झा ने कहा कि यह किसानों के हित में है और इसके सकारात्मक तथ्य सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यवस्था बदल रही है और पहले जो टैरिफ लागू थे, उन्हें अब कम किया गया है, जिससे किसानों और देश को लाभ होगा
@MUSKAN KUMARI







