RCB ने रचा इतिहास, महिला प्रीमियर लीग 2026 की चैंपियन बनी बेंगलुरु

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुरुवार को महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। बेंगलुरु ने दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की और दो बार WPL जीतने वाली दूसरी टीम बन गई। इससे पहले मुंबई इंडियंस 2023 और 2025 में दो बार चैंपियन बन चुकी है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स को लगातार चौथी बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए 37 गेंदों में 57 रन बनाए। उनके अलावा लिजेल ली ने 37 रन, वुलफार्ट ने 44 रन और शिनेल हेनरी ने नाबाद 35 रन का योगदान दिया। आरसीबी की ओर से अरुंधति रेड्डी, एन डी क्लार्क और सायली सातघरे को एक-एक विकेट मिला।

204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत झटके के साथ हुई, जब ग्रेस हैरिस 9 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल ने दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों में 165 रन की ऐतिहासिक साझेदारी की, जो WPL इतिहास की किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। जॉर्जिया वॉल ने 54 गेंदों में 79 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना ने 41 गेंदों में 87 रन की दमदार पारी खेली।

अंतिम ओवरों में राधा यादव ने 19वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई। आरसीबी ने 19.4 ओवर में चार विकेट खोकर 204 रन बनाए और WPL 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। राधा यादव 12 रन और एन डी क्लार्क 7 रन बनाकर नाबाद रहीं। दिल्ली की ओर से शिनेल हेनरी ने दो विकेट लिए, जबकि मिन्नू मनी और नंदनी शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मंच पर दबाव में खेलने की कला में वह अब शीर्ष टीमों में शामिल हो चुकी है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के लिए ट्रॉफी का इंतजार एक और सीजन तक बढ़ गया।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल