पटना, 05 फरवरी 2026।
बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत बिहार अनुसूचित जनजाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (BSTRI), पटना द्वारा किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से संचालित केंद्रीय प्रायोजित योजना (CSS) Support to TRI के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित दो आवासीय विद्यालयों—
एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, झाझा (जिला–जमुई) एवं
डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, ताराकुरा, चांदन (जिला–बांका)
में 05 फरवरी 2026 को प्रातः 9:30 बजे से किशोरी बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
शिविर का उद्देश्य
इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य किशोरी बालिकाओं में एनीमिया, कुपोषण, विटामिन एवं मिनरल्स की कमी, संक्रमण, मासिक धर्म से संबंधित समस्याओं तथा सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करना था। शिविर का आयोजन NFHS के प्रमुख किशोरी स्वास्थ्य संकेतकों के अनुरूप किया गया।
280 किशोरियों ने लिया लाभ
जिला स्वास्थ्य कार्यालय, बांका एवं जमुई के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 280 किशोरी बालिकाओं ने भाग लिया। शिविर के दौरान आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सकीय सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिनमें प्रमुख रूप से—
विटामिन-बी कॉम्प्लेक्स
विटामिन-बी12
विटामिन-डी
आयरन, फोलिक एसिड
पोटैशियम आयोडाइड
ORS, जिंक टैबलेट
मिकोनाजोल एवं एल्बेंडाजोल
शामिल रहीं।
स्वास्थ्य जांच व परामर्श
शिविर के अंतर्गत किशोरी बालिकाओं की—
सामान्य स्वास्थ्य जांच
ऊँचाई-वजन मापन
हीमोग्लोबिन जांच
एनीमिया स्क्रीनिंग
पोषण मूल्यांकन
सामान्य रोगों का उपचार
चिकित्सकीय परामर्श एवं दवा वितरण
किया गया। इन सेवाओं का उद्देश्य किशोरियों में पोषण संबंधी कमियों को दूर कर उनके समग्र स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाना रहा।
स्वच्छता किट भी वितरित
शिविर के दौरान प्रत्येक किशोरी छात्रा को व्यक्तिगत उपयोग हेतु स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित किट भी प्रदान की गई। इस किट में जूट पाउच बैग, कॉटन बॉल्स, डिस्पोजेबल ग्लव्स, प्राथमिक चिकित्सा सामग्री एवं चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यक दवाएं शामिल थीं।
इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा प्राथमिक उपचार की समझ विकसित करना रहा।
विद्यालयों को मिला मेडिकल उपकरण किट
शिविर के साथ-साथ संबंधित विद्यालयों को भविष्य में नियमित स्वास्थ्य जांच एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक मेडिकल उपकरणों की किट भी उपलब्ध कराई गई। इस किट में—
वजन मापने की मशीन
ऊँचाई मापने का स्केल
डिजिटल थर्मामीटर
डिजिटल बीपी मॉनिटर
हीमोग्लोबिन जांच स्ट्रिप्स
पीक फ्लो मीटर
ऑक्सीमीटर
नेब्युलाइज़र
बर्न व पेन ऑइंटमेंट
क्रेप बैंडेज सहित अन्य प्राथमिक उपचार सामग्री
शामिल हैं।
विशेषज्ञ टीम ने दी सेवाएं
शिविर के सफल संचालन हेतु महिला चिकित्सक, रोग विशेषज्ञ, स्टाफ नर्स, लैब तकनीशियन एवं काउंसलर की विशेष टीम द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। कार्यक्रम की सतत निगरानी बिहार अनुसूचित जनजाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, पटना तथा जिला प्रशासन के पदाधिकारियों द्वारा की गई।
सशक्त भविष्य की ओर एक कदम
यह स्वास्थ्य शिविर किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण, आत्मविश्वास एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त भविष्य की ओर अग्रसर किया जा सकेगा।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)







