बिहार विधानसभा बजट सत्र का दूसरा दिन: NEET छात्रा मामला उठा, हंगामे के बीच 2 बजे पेश हुआ बजट

बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत हंगामे और विरोध के बीच हुई। NEET छात्रा के दुष्कर्म–मौत मामले को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की। भाकपा माले के काराकाट विधायक अरुण सिंह ने इस मुद्दे पर कार्यस्थगन प्रस्ताव लाकर चर्चा की मांग की, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने यह कहते हुए प्रस्ताव खारिज कर दिया कि मामला जांच के अधीन है, इसलिए इस पर बहस नहीं कराई जा सकती। इसके बाद सदन में कुछ देर तक शोर-शराबा देखने को मिला।

कार्यवाही की शुरुआत में मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लंच ब्रेक के बाद वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे।

सदन की कार्यवाही से पहले विधानसभा परिसर में सियासी माहौल गरम रहा। राजद विधायकों ने पोर्टिको में प्रदर्शन करते हुए बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। हाथों में तख्तियां लेकर “बिहार में लॉ एंड ऑर्डर फेल” जैसे नारे लिखे पोस्टर दिखाए गए। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने केंद्र और राज्य सरकार पर बिहार के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य को अपेक्षित बजट नहीं मिला।

इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज सदन में मौजूद नहीं रहे। हाल ही में उनके पैर के अंगूठे का ऑपरेशन हुआ है और डॉक्टरों की सलाह पर वे विश्राम कर रहे हैं।

अब सभी की निगाहें दोपहर 2 बजे पेश होने वाले बजट पर टिकी हैं। यह चुनाव के बाद नीतीश सरकार का पहला बजट होगा। सूत्रों के मुताबिक, बजट में रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने, महिलाओं, किसानों, बुनियादी ढांचे, सड़क और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर खास जोर दिया जा सकता है।

MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल