उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक दिवसीय भ्रमण पर आए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब कार्यक्रम से लौटते समय उनका काफिला रोक लिया गया। जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की बदहाली और गांवों में पानी न पहुंचने के मुद्दे पर भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत और उनके समर्थकों ने मंत्री के काफिले को बीच रास्ते में रोककर विरोध जताया।
बताया जा रहा है कि शहर के रामश्री महाविद्यालय में आयोजित युवा उद्घोष कार्यक्रम के बाद मंत्री का काफिला कलक्ट्रेट मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान पहले से मौजूद विधायक और बड़ी संख्या में समर्थकों ने सड़क पर वाहन खड़े कर काफिले को रोक दिया। हालात बिगड़ते देख सीओ सदर अरुण कुमार सिंह और एसडीएम शिवध्यान पांडेय मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
काफिला रुकने के बाद जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह स्वयं वाहन से नीचे उतरे। इस दौरान विधायक और मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। सूत्रों के अनुसार, यह विरोध पहले से योजनाबद्ध था, क्योंकि चरखारी विधायक के साथ बड़ी संख्या में समर्थक पहले ही मौके पर मौजूद थे।
विरोध कर रहे प्रधानों और कार्यकर्ताओं का कहना था कि जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की हालत बेहद खराब है और वर्षों बाद भी उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। साथ ही कई गांवों में अब तक नल से जल नहीं पहुंच पाया है, जिससे लोग पिछले तीन साल से परेशान हैं।
बाद में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए समर्थकों को सड़क से हटाया और काफिले को आगे बढ़वाया। एसडीएम शिवध्यान पांडेय ने बताया कि विधायक और उनके समर्थकों ने अपनी समस्याएं बताने के लिए काफिला रोका था, जिसके बाद स्थिति सामान्य कराई गई।
@MUSKAN KUMARI







