बिहार में न्यायिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। एक तरफ राज्य के कई सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, वहीं दूसरी तरफ पटना सिविल कोर्ट में एक युवक को हथियार के साथ घुसते हुए गिरफ्तार किया गया है। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर ला दिया है।
पटना सिविल कोर्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए हथियार लेकर प्रवेश कर रहे एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार युवक के पास से हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से कोर्ट परिसर में पहुंचा था।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि युवक किस उद्देश्य से हथियार लेकर कोर्ट के अंदर जा रहा था, इसका खुलासा पूछताछ के बाद ही हो पाएगा। यह जांच की जा रही है कि वह किसी पर हमला करने, फायरिंग करने या किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की योजना में था या नहीं। फरार युवक की पहचान की जा रही है और उसकी तलाश जारी है।
इससे पहले राज्य के कई जिलों में सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद कोर्ट परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और पुलिस बल को तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी खतरे को हल्के में नहीं लिया जा रहा।
@MUSKAN KUMARI







