राजधानी दिल्ली के द्वारका कोर्ट परिसर में बुधवार सुबह बम रखे होने की धमकी मिलने से सनसनी फैल गई। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। साइबर सेल धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और स्थिति नियंत्रण में है।
इसी तरह गुरुग्राम में भी साइबर सिटी के 13 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले, जिससे स्कूल प्रबंधन और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। धमकी उस समय मिली जब बच्चे स्कूल पहुंच रहे थे या परिसर में मौजूद थे। एहतियातन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और एसडीआरएफ की टीमों ने संबंधित स्कूलों में पहुंचकर मोर्चा संभाला।
जांच टीमों ने स्कूल परिसरों के साथ-साथ आसपास के संवेदनशील इलाकों में भी गहन तलाशी अभियान चलाया। कक्षाओं, शौचालयों, मैदानों, गमलों और हर संभावित स्थान की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई और हालात पूरी तरह सामान्य बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस धमकी भरे ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके पीछे की सच्चाई जानने के लिए तकनीकी जांच में जुटी हुई है।
@MUSKAN KUMARI







