मध्य प्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना की मासिक राशि 3,000 रुपये किए जाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। सोमवार को कटनी जिले में महिला कांग्रेस ने कचहरी चौक पर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में योजना की शुरुआत करते समय तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना के तहत 3,000 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा की थी, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी यह राशि नहीं बढ़ाई गई। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई के दौर में 1,500 रुपये की वर्तमान सहायता राशि अपर्याप्त है और इससे महिलाओं की आर्थिक जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं।
महिला कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने योजना से लगभग पांच लाख महिलाओं के नाम काट दिए हैं, जो पूरी तरह अनुचित है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुराने हितग्राहियों के नाम हटाए गए, लेकिन नए पंजीकरण नहीं खोले गए, जिससे बड़ी संख्या में पात्र महिलाएं योजना से वंचित रह गई हैं। उन्होंने मांग की कि नए हितग्राहियों के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल तुरंत खोला जाए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। नवंबर 2025 से योजना की राशि में 250 रुपये की वृद्धि कर इसे 1,500 रुपये प्रतिमाह किया गया। जून 2023 से दिसंबर 2025 तक 31 किश्तों के रूप में महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। जनवरी 2026 में 32वीं किश्त का अंतरण प्रस्तावित है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जून 2023 से दिसंबर 2025 तक कुल 48,632 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि हितग्राही महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है।
@MUSKAN KUMARI







