धीरज कुमार संवाददाता
कोतवाली फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के गांव पतसाल में शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लौंगा देवी पत्नी कमल सिंह शुक्रवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच गांव में एक वाहन के पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन उन्हें तत्काल फतेहपुर सीकरी के स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक पर सवार नेकराम पुत्र निन्ने तथा राधा पत्नी मोन सिंह भी घायल हो गए, जिनका इलाज भरतपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
थाना प्रभारी फतेहपुर सीकरी आनंद वीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Author: BiharlocalDesk
ASAIN TIMES NEWS NETWORK







