ओडिशा के राउरकेला में शनिवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब इंडिया वन एयर का 9-सीटर चार्टर्ड विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राउरकेला से भुवनेश्वर के लिए रवाना हुआ यह विमान उड़ान के महज 10–15 किलोमीटर बाद लाठीकाटा क्षेत्र के जालदा गांव के पास एक खेत में गिर पड़ा। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी। हवा में गड़बड़ी का संकेत मिलते ही पायलट ने आपातकालीन लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन विमान संतुलन खो बैठा और तेजी से नीचे आकर खेत में जा गिरा। विमान में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें चार यात्री और दो क्रू मेंबर शामिल थे।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन टीमें, स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
घटना के बाद नागरिक उड्डयन विभाग ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। तकनीकी खराबी के कारणों और विमान की सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
@MUSKAN KUMARI






