दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने न्यू रोहतक रोड पर 31 जनवरी तक ट्रैफिक पाबंदियों को लेकर एडवाइजरी जारी की है। कमल टी-पॉइंट से लिबर्टी सिनेमा के बीच अंडरग्राउंड केबल मेंटेनेंस और अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है, जिसके चलते इस मार्ग की दो लेन बंद कर दी गई हैं। इस कारण इलाके में यातायात की गति धीमी हो गई है और भारी जाम की स्थिति बन रही है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यह मेंटेनेंस कार्य टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। मरम्मत कार्य के चलते न्यू रोहतक रोड पर वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी। पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे आनंद पर्वत और न्यू रोहतक रोड के इस हिस्से से गुजरने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
एडवाइजरी में सुझाए गए डायवर्जन के अनुसार, पहाड़गंज और नई दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन कमल टी-पॉइंट से बाईं ओर सराय रोहिल्ला की दिशा में मुड़ सकते हैं। इसके बाद रानी झांसी रोड होते हुए वाहन चालक वीर बंदा बैरागी मार्ग से आगे बढ़ सकते हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले मार्ग की योजना बनाएं, ट्रैफिक संकेतों का पालन करें और अनावश्यक असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों को अपनाएं।
@MUSKAN KUMARI







