राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय की पहल पर गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (GIMS), ग्रेटर नोएडा में स्वास्थ्य सेवाओं में नवीन तकनीक को बढ़ावा देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्लिनिक का शुभारंभ किया जाएगा, जो सरकारी अस्पतालों में इस तरह का पहला क्लिनिक होगा
ग्रेटर नोएडा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए भारत का पहला सरकारी अस्पताल-आधारित AI क्लिनिक लॉन्च किया जा रहा है। यह विशेष क्लिनिक Centre for Medical Innovation (CMI) के तहत स्थापित किया गया है और इसका उद्देश्य AI तकनीक को वास्तविक स्वास्थ्य कार्यप्रणाली में शामिल करना है।
AI क्लिनिक के उद्घाटन समारोह का आयोजन ऑनलाइन राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (ADGHS) डॉ. सुजाता चौधरी मुख्य अतिथि होंगी। समारोह में AIIMS गुवाहाटी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर और फार्मास्यूटिकल विभाग के संयुक्त सचिव सहित 200 से अधिक डॉक्टर, स्टार्ट-अप प्रतिनिधि, नीति निर्धारक और विशेषज्ञ शामिल होंगे।
यह क्लिनिक सरकारी स्वास्थ्य सेवा के भीतर नवीन तकनीकों के विकास, परीक्षण और नैतिक उपयोग पर विशेष ध्यान देगा। यहां विकसित की जाने वाली AI-आधारित तकनीकों का परीक्षण असली क्लिनिकल परिवेश में किया जाएगा ताकि उनके प्रभावी और सुरक्षित उपयोग को सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा मरीजों की सुरक्षा, डाटा गोपनीयता और चिकित्सा की गुणवत्ता में सुधार को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
GIMS के निदेशक ने कहा है कि यह पहल न केवल स्थानीय मरीजों को उन्नत सेवाएँ प्रदान करेगी, बल्कि सरकारी अस्पतालों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में राष्ट्रीय स्तर पर एक नई दिशा भी देगी, जिससे भविष्य में ऐसी सुविधाओं का विस्तार पूरे देश में संभव हो सके।
@MUSKAN KUMARI







