दादरी की एस्कॉर्ट कॉलोनी में गैस रिसाव की जांच के दौरान अचानक हुई भीषण आग — पति, पत्नी, बेटा और गैस मैकेनिक गंभीर रूप से घायल, पुलिस और दमकल मौके पर जांच में जुटी।
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एस्कॉर्ट कॉलोनी में 2 जनवरी 2026 को एक परिवार के लिए गैस लीकेज की जांच जानलेवा साबित हो गई। यहाँ गैस सिलेंडर से रिसाव की सूचना पर गंगा शरण ने अपने घर पर स्थानीय गैस मैकेनिक सोनू को बुलाया, जो लीकेज की जांच कर रहा था। इसी दौरान अचानक गैस में आग लग गई और देखते ही देखते पूरे कमरे में लपटें फैल गईं।
घटना में गंगा शरण, उनकी पत्नी मुनेश, बेटा वरुण और मैकेनिक सोनू गंभीर रूप से झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर आए और किसी तरह आग बुझाई। हादसे की सूचना मिलने पर दादरी थाना पुलिस और दमकल विभाग तुरंत पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
घायलों को नजदीकी अस्पताल में तुरंत भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने बताया कि गंगा शरण की हालत विशेष रूप से गंभीर है। बाकी तीन का भी इलाज चल रहा है और सभी के शरीर पर गंभीर जलने के निशान पाए गए हैं।
पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर बताया कि लीकेज की जांच के दौरान किसी चिंगारी के कारण आग फैल गई, लेकिन हादसे के सही कारणों की विस्तृत जांच जारी है। प्रशासन ने आस-पास के निवासियों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है।
@MUSKAN KUMARI







