भागलपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक युवक ने कथित तौर पर शादी का वादा कर अपनी प्रेमिका को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। इस घटना में युवती के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उसे डायल-112 की मदद से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसे कहलगांव रेफरल अस्पताल भेज दिया।

घटना सबौर रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। पीड़िता की पहचान 19 वर्षीय रभी खातून के रूप में हुई है। उसने बताया कि आरोपी युवक मोहम्मद सीटू (21) के साथ उसका करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात एक शादी समारोह में हुई थी और युवक उसके पड़ोस में ही रहता था। बाद में युवक दिल्ली में नौकरी करने चला गया।

दिल्ली ले जाकर छोड़ दिया, फिर भागलपुर में जानलेवा हमला
पीड़िता के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी घर लौटा था। 4 दिसंबर को उसने फोन कर घर से भागकर शादी करने का प्रस्ताव रखा। भरोसा कर वह उसके साथ दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठ गई। लेकिन आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचते ही युवक उसका हाथ छोड़कर फरार हो गया। काफी देर तलाश करने के बावजूद जब वह नहीं मिला, तो जीआरपी ने युवती को अपनी हिरासत में लिया और परिजनों को सूचना दी।
परिजन दिल्ली पहुंचे, बाद में आरोपी भी थाने आया। आपसी सहमति से बॉन्ड भरवाकर सभी को छोड़ दिया गया।
भागलपुर लौटते समय हुई घटना
पीड़िता ने बताया कि 11 दिसंबर को वह अपनी मां के साथ आनंद विहार से भागलपुर लौटने के लिए बसपूज मेल ट्रेन में सवार हुई थी। आरोपी युवक भी साथ था। 12 दिसंबर को सबौर रेलवे स्टेशन के पास युवक ने उससे मोबाइल फोन मांगा। मना करने पर उसने उसे चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। इसके बाद वह खुद भी कूद गया। ट्रेन की रफ्तार उस समय धीमी थी। घटना के वक्त पीड़िता की मां बाथरूम गई हुई थी।
ट्रेन से गिरने के बाद युवती बेहोश हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल-112 की टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
मां का आरोप: शादी तय थी, अब युवक फरार
पीड़िता की मां ने बताया कि युवक से बेटी की शादी तय होने वाली थी। घटना के बाद से आरोपी का कोई पता नहीं चल रहा है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है।
इस मामले में जीआरपी थाना प्रभारी उमेश प्रसाद से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि इससे पहले भी सबौर रेलवे स्टेशन के पास लूटपाट के दौरान एक युवती को चलती ट्रेन से फेंक दिया गया था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। उस समय भी परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
@Tanya Singh
Author: BiharlocalDesk
ASAIN TIMES NEWS NETWORK







