राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव पर उनके पूर्व समर्थक सौरभ उर्फ विनाश कुमार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। वैशाली जिले के महुआ निवासी सौरभ, जो खुद को तेजप्रताप का हनुमान बताते थे, ने दावा किया कि उन्हें तेजप्रताप ने शनिवार को अपने सरकारी आवास नंबर 26 पर बुलाकर लाठियों से पिटवाया, कपड़े उतरवाए, और जबरन अश्लील वीडियो बनवाया। सौरभ के अनुसार, उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और रात 9 बजे से 1:30 बजे तक बंगले में ही रखा गया।

सौरभ ने बताया कि वह ‘खान सर’ के बर्थडे रिसेप्शन में शामिल होने गए थे, जहां तेजप्रताप ने उनका फोन ले लिया और बाद में बंगले पर बुलाकर मारपीट की। उन्होंने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान तेजप्रताप के लिए घर-घर जाकर प्रचार किया था, लेकिन बदले में उन्हें अपमानित और प्रताड़ित किया गया। सोशल मीडिया पर तेजप्रताप के साथ उनकी कई रीलें मौजूद हैं, जिनमें वह उन्हें “महादेव” कहकर सम्मान देते नजर आते हैं।

सौरभ लंबे समय से तेजप्रताप की टीम का हिस्सा रहे हैं और कई मौकों पर उनके साथ वीडियो बनाते दिखे हैं। तेजप्रताप पहले राजद से विधायक रह चुके हैं, लेकिन महुआ सीट से हार के बाद उन्होंने अपनी नई पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ बनाई थी। चुनाव हारने के बाद वह फिर से सक्रिय होते हुए नया YouTube चैनल “TY Vlog” लेकर आए हैं।
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव ने मई में तेजप्रताप को पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया था, यह कहते हुए कि उनका “लोक आचरण, गैर-जिम्मेदार व्यवहार और नैतिक मूल्यों की अनदेखी” परिवार और पार्टी की छवि के खिलाफ है। तेजप्रताप को राजद से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया था।
@Tanya Singh
Author: BiharlocalDesk
ASAIN TIMES NEWS NETWORK







