पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान से रविवार को भाजपा ने ‘चलो जीते हैं’ अभियान के तहत रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस मौके पर सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए रथों की एक साथ रवाना किया गया।
इस कार्यक्रम में बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और मंत्री नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
50 हज़ार स्थानों पर दिखाई जाएंगी फिल्में
चुनावी मुहिम के तहत पूरे बिहार में 50 हज़ार स्थानों पर लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इन फिल्मों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचपन से जुड़े प्रसंग, संघर्षों की कहानियां और उनके नेतृत्व में हुए बदलावों को दर्शाया जाएगा। पार्टी का मानना है कि इन फिल्मों के जरिए जनता को भावनात्मक रूप से जोड़ा जा सकेगा।
जनता तक पहुंचेगा विकास का संदेश
‘चलो जीते हैं’ रथयात्रा का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुँचाना है। इन रथों के जरिए भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का संदेश प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र तक पहुँचाया जाएगा।
सेवा पखवाड़ा के तहत विशेष अभियान
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भाजपा पूरे प्रदेश में ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाएगी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, पौधारोपण और जनसेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करेंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि इन कार्यक्रमों से भाजपा की छवि “जनसेवा करने वाली पार्टी” के रूप में और अधिक मजबूत होगी।
Author: BiharlocalDesk
ASAIN TIMES NEWS NETWORK







