बिहार का पहला मॉडर्न श्मशान घाट बनेगा पटना में, मिलेगा ‘मोक्ष द्वार’ और शिव प्रतिमा का आशीर्वाद 

पटना: अब अंतिम यात्रा का दृश्य बदलेगा, माहौल होगा आधुनिक और आध्यात्मिक। बिहार की राजधानी पटना में राज्य का पहला मॉडर्न श्मशान घाट बांस घाट पर बन रहा है। पटना स्मार्ट सिटी और बुडको की ओर से 89.40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह घाट पूरे देश में एक अनोखी मिसाल पेश करेगा।

आदियोगी शिव की 12 फीट ऊंची प्रतिमा

श्मशान घाट परिसर में 12 फीट ऊंची आदियोगी शिव की प्रतिमा स्थापित होगी। यह प्रतिमा दो तालाबों के बीच बनाई जाएगी, जिनमें गंगाजल डाला जाएगा। लक्ष्य है कि 30 दिनों के भीतर यह भव्य प्रतिमा तैयार हो जाए। यहां आने वालों को शिव का आशीर्वाद और आत्मिक शांति दोनों का अनुभव होगा।

राजा हरिश्चंद्र की सच्चाई की कहानी

श्मशान घाट की दीवारें भी होंगी खास। यहां इंसान के जन्म से मृत्यु तक की जीवन यात्रा को चित्रों में दिखाया जाएगा। साथ ही राजा हरिश्चंद्र की प्रेरक कथा लिखी जाएगी, जो लोगों को हर परिस्थिति में सच्चाई और कर्तव्य पालन की सीख देगी।

धौलपुर पत्थर से बनेगा भव्य ‘मोक्ष द्वार’

इस घाट में दो विशेष द्वार बनाए जाएंगे—

मोक्ष द्वार

बैकुंठ द्वार

धौलपुर पत्थर से तैयार मोक्ष द्वार 46.58 फीट ऊंचा होगा और इसमें कांसे से बना ओम चिन्ह भी लगाया जाएगा। यह द्वार श्रद्धालुओं और अंतिम यात्रा में शामिल लोगों को अध्यात्म और आस्था का अद्भुत अनुभव देगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस

यह श्मशान घाट 4.5 एकड़ में फैला होगा, जो पुराने घाट से तीन गुना बड़ा है। यहां होंगी ये आधुनिक सुविधाएं:

4 इलेक्ट्रिक क्रिमेशन ओवन

दो वेटिंग हॉल, प्रार्थना और पूजा कक्ष

प्रशासनिक कार्यालय, कैंटीन, मंदिर और स्टाफ क्वाटर

शवगृह, पार्किंग, आंतरिक सड़कें

सार्वजनिक घोषणा प्रणाली और सब-स्टेशन

इसके अलावा तालाबों में लगाए जाएंगे खूबसूरत फाउंटेन, जिससे वातावरण होगा शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक।

पटना का यह आधुनिक श्मशान घाट न सिर्फ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को बेहतर बनाएगा, बल्कि यहां आने वालों को मिलेगा आस्था, संस्कृति और शांति का अद्वितीय संगम।

@AT Saumya

BiharlocalDesk
Author: BiharlocalDesk

saumya jha

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल