चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी, 20 जुलाई तक बम से उड़ाने की चेतावनी

एशियन टाइम्स विशेष रिपोर्ट

रिपोर्टर: एशियन टाइम्स डेस्क

नई दिल्ली/

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिली है। जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात कॉलर ने चिराग पासवान को फोन कर 20 जुलाई तक बम से उड़ाने की धमकी दी है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, फोन करने वाले ने खुद को “अमरेश” बताया और चिराग पासवान को स्पष्ट रूप से धमकी दी कि अगर उन्होंने अपनी गतिविधियाँ बंद नहीं कीं, तो अंजाम गंभीर होगा। इस धमकी से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

FIR दर्ज, पुलिस से सुरक्षा की मांग

एलजेपी (रामविलास) के मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट समेत कई नेता फौरन थाने पहुंचे और इस मामले की FIR दर्ज करवाई। उन्होंने पुलिस से मांग की कि आरोपी की पहचान कर उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाए। प्रवक्ता ने कहा कि देश के एक केंद्रीय मंत्री को खुलेआम धमकी मिलना लोकतंत्र पर सीधा हमला है और इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती।

चिराग का चुनावी एलान और संभावित साजिश

गौरतलब है कि चिराग पासवान हाल ही में 2024 लोकसभा चुनाव में हाजीपुर सीट से जीतकर मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री बने हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी एलान किया था कि बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी, और वे खुद भी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह धमकी चिराग पासवान के राजनीतिक कद और हालिया गतिविधियों से जुड़ी कोई राजनीतिक साजिश भी हो सकती है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फोन कॉल की लोकेशन ट्रेस की जा रही है और संबंधित मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर ले लिया गया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस के जरिये आरोपी की पहचान करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।

क्या बोले समर्थक?

चिराग पासवान के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर यह मुद्दा जोर-शोर से उठाया और सरकार से उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। कई कार्यकर्ताओं ने इसे चिराग की बढ़ती लोकप्रियता और बिहार की राजनीति में उनके बढ़ते प्रभाव से जोड़कर देखा।

खबर अपडेट हो रही है… अधिक जानकारी जल्द…

एशियन टाइम्स के साथ जुड़े रहें ताज़ा अपडेट के लिए।

 

Bihar Desk
Author: Bihar Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल