LPG पर संशय के बीच राहत: बिहार में PNG कनेक्शन अब घर बैठे मिलेगा

सरकार का बड़ा फैसला—जहां PNG उपलब्ध, वहां लेना होगा अनिवार्य; 3 महीने में न लेने पर LPG सप्लाई बंद

पटना:

बिहार में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। वैश्विक स्तर पर ईरान-अमेरिका-इजराइल तनाव के बीच जहां LPG सप्लाई को लेकर आशंकाएं बढ़ रही हैं, वहीं राज्य सरकार ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन को आसान बनाने का ऐलान किया है।

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मुताबिक, अब उपभोक्ता घर बैठे ऑनलाइन PNG कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे लंबी लाइनों और दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

जिलेवार कंपनियों की जिम्मेदारी तय

राज्य के अलग-अलग जिलों में गैस आपूर्ति के लिए कंपनियों का निर्धारण पहले ही किया जा चुका है। पटना में गेल, बांका में एचपीसीएल, बेगूसराय में थिंक गैस, गया-नालंदा में IOAGPL, जबकि दरभंगा समेत कई जिलों में बीपीसीएल और अन्य क्षेत्रों में आईओसीएल की सिटी गैस कंपनियां सेवाएं देंगी।

कैसे मिलेगा कनेक्शन

आवेदन के बाद उपभोक्ताओं को पहचान और पते के दस्तावेज अपलोड करने होंगे। सत्यापन के बाद एक यूनिक BP नंबर जारी किया जाएगा, जो आगे बिलिंग और सर्विस के लिए जरूरी होगा। कनेक्शन के लिए 4500 रुपये की सिक्योरिटी जमा करनी होगी, जो बिना ब्याज के रिफंडेबल होगी।

सरकार का सख्त निर्देश

केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन क्षेत्रों में PNG की सुविधा उपलब्ध है, वहां इसे लेना अनिवार्य होगा। पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देश के अनुसार, अगर उपभोक्ता तीन महीने के भीतर PNG कनेक्शन नहीं लेते हैं, तो उनकी LPG सप्लाई बंद की जा सकती है। हालांकि, जहां पाइपलाइन संभव नहीं है, वहां NOC के आधार पर LPG जारी रहेगी।

किरायेदारों के लिए भी नियम तय किए गए हैं—उन्हें मकान मालिक की अनुमति से ही PNG कनेक्शन लेना होगा, अन्यथा एजेंसी से NOC लेना जरूरी होगा।

सप्लाई को लेकर सरकार का आश्वासन

सरकार ने साफ किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल, LPG और PNG की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है। हालांकि, मौजूदा जियो-पॉलिटिकल हालात के बीच यह फैसला आने वाले समय में आम आदमी की रसोई और खर्च दोनों को प्रभावित कर सकता है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल