20 रुपये में गणतंत्र दिवस परेड 2026 का दीदार, 5 से 14 जनवरी तक मिलेंगे टिकट

26 जनवरी की परेड, 28 जनवरी की बीटिंग रिट्रीट रिहर्सल और 29 जनवरी के मुख्य समारोह के टिकट सीमित कीमत पर उपलब्ध

हर साल की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश की राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य परेड और समारोहों का आयोजन किया जाएगा। अगर आप गणतंत्र दिवस परेड 2026 को अपनी आंखों से देखना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस बार परेड और बीटिंग रिट्रीट कार्यक्रमों के टिकट महज 20 रुपये में उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड, 28 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल और 29 जनवरी को होने वाले मुख्य बीटिंग रिट्रीट समारोह के लिए टिकटों की बिक्री 5 जनवरी से 14 जनवरी 2026 तक की जाएगी। इन तीनों कार्यक्रमों को देखने के लिए हर साल हजारों लोग कर्तव्य पथ पहुंचते हैं।

गणतंत्र दिवस परेड सबसे बड़ा आकर्षण होती है, जिसमें देश की सैन्य ताकत, सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाती रंग-बिरंगी झांकियां और भारतीय वायुसेना का रोमांचक फ्लाईपास्ट देखने को मिलता है। वहीं, 28 जनवरी को होने वाली बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल में असली समारोह की झलक देखने को मिलती है। 29 जनवरी का बीटिंग रिट्रीट समारोह गणतंत्र दिवस उत्सव का भव्य समापन होता है, जहां बैंड की मनमोहक धुनों के साथ देशभक्ति का माहौल बन जाता है।

सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग कम कीमत में इन ऐतिहासिक कार्यक्रमों का हिस्सा बन सकें और राष्ट्रीय गौरव के इस पर्व को करीब से महसूस कर सकें।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल