भारतीय जनता पार्टी को आखिरकार पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने की तारीख तय हो गई है। पार्टी ने अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके अनुसार 20 जनवरी को नए अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। नोटिफिकेशन के मुताबिक, 16 जनवरी को निर्वाचक मंडल की मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन प्रक्रिया होगी। आवश्यकता पड़ने पर 20 जनवरी को चुनाव कराया जाएगा।
हालांकि, पार्टी सूत्रों के अनुसार मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के इकलौते उम्मीदवार होने की संभावना है। ऐसे में 19 जनवरी को ही उनका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है, जबकि औपचारिक ऐलान 20 जनवरी को किया जाएगा। बताया जा रहा है कि नितिन नबीन के प्रस्तावक के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हो सकते हैं।
45 वर्षीय नितिन नबीन को अध्यक्ष बनाकर भाजपा युवाओं को नेतृत्व सौंपने का स्पष्ट संदेश देना चाहती है। इससे पहले पार्टी 75 वर्ष से अधिक आयु के नेताओं को मार्गदर्शक मंडल में शामिल कर राजनीति में पीढ़ीगत बदलाव की पहल कर चुकी है। एक सामान्य कार्यकर्ता से शीर्ष पद तक पहुंचने की इस संभावित यात्रा को भाजपा अपने संगठनात्मक लोकतंत्र और युवा नेतृत्व के उदाहरण के रूप में पेश कर रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का यह कदम अन्य दलों पर भी नैतिक दबाव बनाएगा, जहां अब भी पारिवारिक परंपरा और उम्रदराज नेतृत्व हावी है। नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा यह संकेत देना चाहती है कि देश और राजनीति की कमान अब युवाओं के हाथों में होनी चाहिए।
@MUSKAN KUMARI







