भारत और यूरोपीय यूनियन (EU) के बीच 18 वर्षों से चल रही फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) की बातचीत मंगलवार को सफलतापूर्वक पूरी हो गई। 16वें भारत-EU शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों पक्षों ने इस ऐतिहासिक समझौते की घोषणा की। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, इस समझौते को 2027 से लागू किए जाने की संभावना है।
इस डील के लागू होने के बाद भारत में यूरोपीय कारों पर लगने वाला आयात शुल्क बड़ा घट सकता है। BMW और मर्सिडीज जैसी यूरोपीय कारों पर वर्तमान में लगने वाला 110 प्रतिशत टैक्स घटाकर लगभग 10 प्रतिशत किया जाएगा। इसके साथ ही यूरोप से आयात होने वाली शराब और वाइन पर लगने वाला टैरिफ भी 150 प्रतिशत से घटाकर 20 से 30 प्रतिशत तक किए जाने की संभावना है।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए इसे अब तक का सबसे बड़ा समझौता बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को नई गति देगा। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत-EU संबंधों का नया अध्याय बताते हुए कहा कि यह सिर्फ व्यापार समझौता नहीं, बल्कि साझा समृद्धि का रोडमैप है।
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने भी इस डील को ऐतिहासिक बताया और भारत से अपने भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र किया। यूरोपीय यूनियन की विदेश नीति प्रमुख काजा कलास ने इसे लोकतांत्रिक साझेदारी की मजबूती का प्रतीक बताया।
इस समझौते से निवेश बढ़ेगा, सप्लाई चेन मजबूत होगी और भारत-EU सहयोग को वैश्विक स्तर पर नई दिशा मिलेगी।
@MUSKAN KUMARI







