देश की उच्च सदन राज्यसभा की खाली हो रही 37 सीटों पर चुनाव की तारीखों का आधिकारिक एलान कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार को बताया कि इन सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को कराया जाएगा, जबकि उसी दिन मतगणना भी पूरी कर ली जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 5 मार्च है, 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च 2026 से पहले संपन्न कर ली जाएगी।
जिन राज्यों में चुनाव होंगे उनमें महाराष्ट्र की 7 सीटें, पश्चिम बंगाल और बिहार की 5-5 सीटें, ओडिशा की 4, तमिलनाडु की 6, असम की 3, छत्तीसगढ़, हरियाणा और तेलंगाना की 2-2 तथा हिमाचल प्रदेश की 1 सीट शामिल है।
अप्रैल 2026 में कई वरिष्ठ नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिनमें शरद पवार, प्रियंका चतुर्वेदी, कनिमोझी, साकेत गोखले, उपेंद्र कुशवाहा, हरिवंश नारायण सिंह, रामनाथ ठाकुर और अभिषेक मनु सिंघवी शामिल हैं।
राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से विभिन्न राज्यों में सत्ताधारी दलों को बढ़त मिलने की संभावना जताई जा रही है, जबकि कुछ सीटों पर मुकाबला कड़ा रहने के संकेत हैं।
@MUSKAN KUMARI






