मुजफ्फरपुर के ऐतिहासिक चक्कर मैदान में मंगलवार 17 फरवरी से अग्निवीर बहाली प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इस भर्ती रैली में 15 जिलों के 7040 से अधिक अभ्यर्थी अपनी शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। पहली बार भारतीय सेना के मुजफ्फरपुर और दानापुर सेना भर्ती कार्यालय की संयुक्त भर्ती रैली आयोजित की जा रही है।
प्रशासन ने सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं। सोमवार शाम से ही अभ्यर्थियों की एंट्री शुरू कर दी गई है।
भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव
इस बार भर्ती प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब दो अलग-अलग श्रेणियों— जैसे जनरल ड्यूटी और टेक्निकल— के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अलग-अलग फिजिकल या मेडिकल से नहीं गुजरना होगा। एक ही प्रक्रिया में सभी परीक्षण होंगे और रैली के अंत में अभ्यर्थी अपनी पसंद की श्रेणी चुन सकेंगे। इससे भर्ती प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होने की उम्मीद है।
यह रहेगा भर्ती का शेड्यूल
17 फरवरी – पूर्वी चंपारण (मोतिहारी)
18 फरवरी – दरभंगा और समस्तीपुर
19 फरवरी – पश्चिम चंपारण (बेतिया) और सीतामढ़ी
20 फरवरी – मधुबनी, मुजफ्फरपुर और शिवहर
अभ्यर्थी अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर और ट्रेड्समैन (8वीं व 10वीं पास) श्रेणियों में भाग लेंगे। एडमिट कार्ड पहले ही जारी किए जा चुके हैं और सुबह 5 बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रशासनिक तैयारियां पूरी
जिला प्रशासन और सेना अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, रोशनी और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था का जायजा लिया है। भर्ती 28 फरवरी तक चलेगी और सभी अभ्यर्थियों को अनुशासन और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
@MUSKAN KUMARI






