होली से पहले जमालपुर स्टेशन पर हाई-अलर्ट मॉक ड्रिल, वंदे भारत के साथ रेस्क्यू अभ्यास

होली के मद्देनजर बढ़ती भीड़ और संभावित भगदड़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए जमालपुर रेलवे स्टेशन पर रेल प्रशासन ने हाई-अलर्ट मॉक ड्रिल का आयोजन किया। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर ट्रेन संख्या 22309 Vande Bharat Express के पहुंचते ही अचानक इमरजेंसी सायरन बज उठा, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरातफरी का माहौल बन गया।

सायरन बजते ही आरपीएफ, जीआरपी, टीटीई और स्टेशन प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं। सुरक्षा घेरा बनाकर ट्रेन के डिब्बों में प्रवेश किया गया और ‘घायल’ यात्रियों को स्ट्रेचर व व्हीलचेयर के जरिए बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार का प्रदर्शन किया। करीब 30 मिनट तक प्लेटफॉर्म पर रेस्क्यू ऑपरेशन की गहमागहमी और यात्रियों की बेचैनी साफ दिखाई दी।

हालांकि कुछ समय के लिए भगदड़ जैसे हालात बने, लेकिन पुलिस और रेल प्रशासन ने तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया। बाद में यात्रियों को बताया गया कि यह वास्तविक हादसा नहीं, बल्कि होली से पहले आपातकालीन तैयारी का हिस्सा है। जानकारी मिलते ही लोगों ने राहत की सांस ली।

प्रभारी स्टेशन अधीक्षक सह सीवाइएम मनोरंजन कुमार ने बताया कि यह मॉक ड्रिल पूर्व रेलवे मालदा के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता, आरपीएफ एएससी हीरा सिंह और जमालपुर एसआरपी विद्या सागर के संयुक्त निर्देश पर आयोजित की गई। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित रखना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाना है।

रेल प्रशासन का दावा है कि ऐसे अभ्यास से आपदा की घड़ी में अफरातफरी पर काबू पाया जा सकेगा और कम समय में घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। होली से पहले किया गया यह सुरक्षा रिहर्सल यात्रियों के लिए भरोसे का संदेश बनकर सामने आया है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल